Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। साथ ही घना कोहरा भी लोगों को परेशान कर रहा है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से लोगों को सड़क पर वाहन चलाने में दिक्कत आ रही है। आज सुबह भी कई जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। आने वाले दिनों में बिहार के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। सोमवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। आइए जानते हैं कि आज बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है?
आज शुष्क रहेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आज मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रह सकता है और न्यूनत तापमान 10 से 14 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। कल भी प्रदेश का मौसम शुष्क रहने वाला है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाने का भी अनुमान है। आईएमडी के अनुसार बिहार में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
आज इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने आजसुबह के लिए कई जिलों में घने से बहुत घना कोहरा छाने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गोपालगंज, सिवान, सारण, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़ियां, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार जिले शामिल हैं।
औरंगाबाद में सबसे अधिक तापमान
बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहा। इस दिन सबसे ठंडा शहर डेहरी रहा। जहां का सबसे न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
