20 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार के सभी जिलों में आज यानी मंगलवार के लिए बरसात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ-साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर की बारिश और वज्रपात की संभावना है। वहीं, पटना, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
बरसात से तापमान में गिरावट
प्रदेश में हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले चार-पांच दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। बीते सोमवार को राज्य के सभी जिलों में मौसम अनुकूल रहा, और तापमान में कोई खास बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। अधिकांश जिलों में बारिश हुई, जिसमें पूर्णिया में सर्वाधिक 158.6 मिलीमीटर, अररिया में 140 मिलीमीटर, और किशनगंज में 94.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुपौल में 59 मिलीमीटर बारिश के साथ मध्यम स्तर की वर्षा हुई, जबकि पटना जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखी गई।
बिहार में तापनमान का हाल
सोमवार को सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। सबसे ज्यादा गर्मी रोहतास के डेहरी में रही, जहां अधिकतम तापमान 39.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आई, जिससे अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकांश जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब दर्ज किया गया, जबकि समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में यह और कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
