Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार के कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सुबह-शाम के साथ ही दिन में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार में देखने को मिल रहा है। प्रदेश में सर्द पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ रही है। प्रदेश की राजधानी पटना में बीते चार दिनों से धूप नहीं निकली है। जिससे दिन में भी सर्दी का एहसास हुआ। कई जगहों पर कोल्ड डे की भी स्थिति देखने को मिल रही है। ठंड के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
बिहार का मौसम
आज भी चलेंगी पछुआ हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में मौसम शुष्क रहने वाला है। सुबह के समय प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। शुक्रवार को बिहार में मध्यम से तेज स्पीड की पछुआ हवा चल सकती है। प्रदेश में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। आईएमडी के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी से और दूसरा 22 जनवरी 2025 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। जिसका असर बिहार में भी देखने को मिल सकता है।
कई जिलों में नहीं निकली धूप
बिहार में पटना समेत कई जिलों में 16 जनवरी को धूप नहीं निकली। जिससे इन जगहों के दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। जिन जिलों में दोपहर में धूप के दर्शन हुए, वहां पर दिन के तापमान में हल्का इजाफा हुआ। बिहार में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान सीवान में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनमत तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस बांका में रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते कड़ाके की ठंड
बिहार में दिसंबर के आखिरी दिनों से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हुआ था, जो अभी तक जारी है। मौसम विभाग के अनुसार इसकी मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ लगातार आ रहे हैं। जिसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिल रही है। जिससे ठंड में इजाफा हो रहा है। इन पश्चिमी विक्षोभ के अपनी जगह से आगे बढ़ने पर इन पहाड़ों से चलने वाली सर्द उत्तर पश्चिमी हवाएं बिहार तक पहुंच रही है। जिस कारण प्रदेश में इस महीनें कड़ाके की ठंड अभी तक बरकरार है।
