पटना

Bihar Weather Today: कड़ाके की ठंड से कांप रहा बिहार, दिन में धूप के नहीं मिल रहे दर्शन, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

आज का मौसम बिहार, 17 January 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में दिसंबर के आखिरी से ही कड़ाके की ठंड का सिलसिला अभी तक जारी है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप के भी दर्शन नहीं हुए। जिससे दिन में भी ठंड का एहसास हो रहा है। आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है।

Image

बिहार का मौसम

Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार के कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सुबह-शाम के साथ ही दिन में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार में देखने को मिल रहा है। प्रदेश में सर्द पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ रही है। प्रदेश की राजधानी पटना में बीते चार दिनों से धूप नहीं निकली है। जिससे दिन में भी सर्दी का एहसास हुआ। कई जगहों पर कोल्ड डे की भी स्थिति देखने को मिल रही है। ठंड के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

आज भी चलेंगी पछुआ हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में मौसम शुष्क रहने वाला है। सुबह के समय प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। शुक्रवार को बिहार में मध्यम से तेज स्पीड की पछुआ हवा चल सकती है। प्रदेश में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। आईएमडी के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी से और दूसरा 22 जनवरी 2025 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। जिसका असर बिहार में भी देखने को मिल सकता है।

कई जिलों में नहीं निकली धूप

बिहार में पटना समेत कई जिलों में 16 जनवरी को धूप नहीं निकली। जिससे इन जगहों के दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। जिन जिलों में दोपहर में धूप के दर्शन हुए, वहां पर दिन के तापमान में हल्का इजाफा हुआ। बिहार में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान सीवान में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनमत तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस बांका में रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते कड़ाके की ठंड

बिहार में दिसंबर के आखिरी दिनों से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हुआ था, जो अभी तक जारी है। मौसम विभाग के अनुसार इसकी मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ लगातार आ रहे हैं। जिसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिल रही है। जिससे ठंड में इजाफा हो रहा है। इन पश्चिमी विक्षोभ के अपनी जगह से आगे बढ़ने पर इन पहाड़ों से चलने वाली सर्द उत्तर पश्चिमी हवाएं बिहार तक पहुंच रही है। जिस कारण प्रदेश में इस महीनें कड़ाके की ठंड अभी तक बरकरार है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article