13 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार के कई जिलों में सोमवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान और हवा में नमी की अधिकता के कारण गर्मी असहनीय हो गई थी। हालांकि, रात में हुई हल्की बारिश ने राहत प्रदान की। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।
गर्मी से जूझ रहे बिहार के लोगों को 12 मई की शाम इंद्रदेव की कृपा से राहत मिली। कई जिलों में हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और सुपौल जिलों में तेज बारिश की संभावना है। इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, अन्य जिलों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी रहने की संभावना है।
तापमान का असर
पटना में सोमवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा में 90% तक नमी होने के कारण लोगों को 10 से 12 डिग्री अधिक गर्मी महसूस हुई। मंगलवार यानी आज भी आसमान में बादल बने रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को सूरज की तपिश कुछ हल्की रही, जिससे तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी मोतिहारी में रही, जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा स्थान मधेपुरा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में येलो अलर्ट
IMD ने आज किशनगंज, अररिया और सुपौल जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। आज इन क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है, जबकि हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दक्षिण बिहार, उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम के जिलों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हवा में अधिक नमी होने के कारण लोगों को बेचैनी महसूस हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि शुक्रवार से रविवार के बीच तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आ सकती है।
