पटना

बिहार में ढह गया एक और पुल, भागलपुर में गिरे ब्रिज को लेकर तेजस्वी यादव ने 'चाचा' से पूछ डाले कई सवाल

Bhagalpur News: बिहार में बीते कई दिनों से लगातार पुल ढहने का सिलसिला जारी है। इस दौरान बिहार के भागलपुर जिले से एक और पुल के ढहने की खबर सामने आई है। इस पर आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर कई तंज कसे।

Image

बिहार में ढह गया एक और पुल

Bhagalpur News: बिहार में में पुल ढहने का सिलसिला जारी है। बिहार में पिछले कुछ समय से लगातार पुल गिरने की खबर सामने आ रही है। इसी क्रम में भागलपुर जिले से भी पुल गिरने की एक खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये मामला पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र का है। यहां एक छोटे पुल का एक खंभा ढह गया। मामले की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी ने घटना के पीछे के सही कारणों को जानने के लिए जांच के आदेश भी दिए।

भागलपुर में ढहा छोटे पुल का खंभा

भागलपुर के जिलाधिकारी (डीएम) नवल किशोर चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि "पीरपैंती-बाबूपुर इलाके को बाखरपुर रोड से जोड़ने वाली सड़क पर छोटे पुल का एक खंभा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे थोड़ा नीचे गिर गया। पूरा पुल नहीं गिरा है... पुल पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञ क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में लगे हुए हैं।" उन्होंने कहा कि ऐसा संभवतः गंगा नदी से बाढ़ का पानी सड़क पर आ जाने के कारण हुआ होगा । जिलाधिकारी ने कहा कि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस पुल का निर्माण कुछ साल पहले राज्य सरकार के पथ निर्माण विभाग ने कराया था।

बिहार में ढहते पुलों पर तेजस्वी यादव का बयान

भागलपुर में पुल ढहने की इस घटना को बीते दिनों बिहार के कई जिलों में एक दर्जन से अधिक पुलों और पुलियों के ढहने की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। इससे पहले सीवान, सारण, मधुबनी, अररिया, पूर्वी चंपारण और किशनगंज आदि जिलों में छोटे पुलों के ढहने की घटनाएं सामने आई थीं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए शुक्रवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, बिहार के भागलपुर में एक पुल और ध्वस्त हुआ। नीतीश कुमार जी के शासन में भ्रष्टाचार की जड़ें जितनी गहरी हैं, पुल के खंभे उतने ही सतही हैं। इसलिए विगत दो-तीन महीनों में ही हजारों करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं निर्माणाधीन सैंकड़ों पुल-पुलिया और मेगा ब्रिज भरभराकर गिर चुके हैं। (लेकिन) मजाल है कि आपने मुख्यमंत्री का इन गिरते पुलों के भ्रष्टाचार पर कभी कोई बयान सुना हो अथवा उन्होंने बड़ी भ्रष्टाचार रूपी व्हेल मछली पर कभी कोई कारवाई की हो? आख़िर करेंगे भी कैसे? उन छोटी मचलती मछलियों को खिला-पिला कर व्हेल उन्होंने ही बनाया है।"

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article