Patna Fire: पटना के कदमकुआं इलाके में शनिवार रात को एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां व हाइड्रोलिक गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब 3 से 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस तीन मंजिला इमारत में कई दुकानें थीं। आग लगने से परिसर में स्थित बैंक सहित 6 दुकानें जलकर राख हो गईं।
एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत
आग की यह घटना पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के बुद्ध मूर्ति स्थित अर्पणा कॉम्प्लेक्स में हुई। जहां ओवरलोड ट्रक के कारण बिजली का तार टूटने के कारण आग लग गई। दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। इस घटना में आग बुझाने के दौरान मिठाई दुकान कर्मी की दम घुटने के कारण हुई मौत।
ये भी पढ़ें - Video: दिल्ली में कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, IGI एयरपोर्ट पर विदेशी वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, तीन लोग गिरफ्तार
लाखों की संपत्ति का नुकसान
आग लगने से लाखों की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। यहां पर वे दाऊ जी मिठाई दुकान में काम किया करते थे। पुलिस की टीम इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
