पटना

एंबुलेंस का हूटर सुन दौड़ी खाकी, दरवाजा खोलते ही सन्न रह गई बिहार पुलिस; मरीज की जगह नेपाल से...

एंबुलेंस के जरिए नेपाल से बिहार तस्करी कर लाया जा रहा गांजा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल से गांजा लाकर बिहार और अन्य राज्यों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

Image

मोतिहारी में गांजा बरामद (फोटो)

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में गांजा तस्करी का नया तरीका सामने आया है। अब, तस्कर एंबुलेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से 78 किलो गांजा बरामद किया। यह कार्रवाई हरपुर थाना क्षेत्र के बड़वा पेट्रोल पंप के पास की गई, जहां एक एंबुलेंस में नेपाल से गांजे की खेप छिपाकर लाई जा रही थी। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस को रोका और तलाशी लेने पर 78 किलो गांजा बरामद किया। इस दौरान मौके से तीन गांजा तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल के हरदिया गांव निवासी जाकिर खान, कादर खान और आशुतोष कुमार के रूप में हुई।

लाखों में गांजे की कीमत

बताया गया कि तीनों शातिर लंबे समय से गांजे की तस्करी में संलिप्त रहे हैं और पुलिस को इनकी तलाश थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर यह छापेमारी की गई। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा और एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल से गांजा लाकर बिहार और अन्य राज्यों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, जिस एंबुलेंस से गांजा बरामद किया गया है, वह सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में मरीजों को लाने और ले जाने का काम करती है। चालक आशुतोष मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। चालक के पास से उसका पहचान पत्र भी मिला है। पुलिस लगातार जिले में तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। मोतिहारी में इस तरह की यह तीसरी बड़ी बरामदगी है, जिससे साफ है कि तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर तस्करी को अंजाम देने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबों पर लगातार पानी फिर रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article