Patna News: बिहार की राजधानी पटना में एक्साइज डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह शराब हरियाणा से लाकर पटना में सप्लाई की जानी थी। गुप्त सूचना के आधार पर एक्साइज विभाग की टीम ने परसा थाना क्षेत्र के महुली पेट्रोल पंप के पास छापेमारी की, जहां ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
पटना में एक्साइज डिपार्टमेंट की बड़ी कार्रवाई
10,104 शराब की बोतलें बरामद
जांच के दौरान ट्रक से कुल 10,104 शराब की बोतलें बरामद हुईं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक में मौजूद दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुंगेर में भी हुई बड़ी कार्रवाई
वहीं मुंगेर जिले में टेटिया बंबर थाना पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की भारी खेप बरामद की। पुलिस ने छाता चौक के पास विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान एक ट्रक से करीब 5,000 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस मामले में ट्रक चालक और उसके सह-चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, टेटिया बंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार केहरी को गुप्त सूचना मिली थी कि गंगटा-संग्रामपुर मुख्य मार्ग से होकर एक ट्रक अवैध अंग्रेजी शराब लेकर गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और छाता चौक के पास चेकिंग पोस्ट लगाकर सभी संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में पता चला कि ट्रक के अंदर खासतौर से बनाए गए गुप्त तहखाने में विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने करीब 5,000 लीटर अवैध शराब बरामद कर ट्रक को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और सह-चालक समेत दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया।
