शहर

Patna Double Murder: रिसेप्शन पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो सगे भाइयों की हत्या

पटना के शाहपुर गांव में शादी समारोह के दौरान डबल मर्डर की घटना सामने आई है। जहां दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने करीब 26-27 राउंड फायरिंग की। पुलिस को शक है कि यह वारदात पुराने जमीन विवाद से जुड़ी है। मामले में जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Patna Double Murder: पटना के शाहपुर गांव से हत्या की वारदात सामने आई है। जहां शादी के रिसेप्शन के दौरान दो सगे भाइयों को अज्ञात हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है पुराने जमीन विवाद के चलते यह हत्या हुई। मृतकों की पहचान मनजीत कुमार और मनीष कुमार के तौर पर हुई है। घटना के इलाके में अफरातफरी मच गई और शादी समारोह मातम में बदल गया।

हमलावरों ने की 26-27 राउंड फायरिंग

यह सनसनीखेज वारदात स्थानीय निवासी दौलत राय के बेटे के रिसेप्शन समारोह के दौरान हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान दोनों भाइयों को निशाना बनाकर करीब 26 से 27 राउंड फायरिंग की गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी की मौत हो गई।

कोर्ट में केस हारने के बाद हमले का आरोप

पुलिस को संदेह है कि यह यह वारदात पुराने जमीन विवाद से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार और उनके चचेरे भाई कृष्णा राय के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इस संबंध में हाल ही में कोर्ट का फैसला भी आया था, जिसमें कृष्णा राय को हार का सामना करना पड़ा था। इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर आगे की जांच की जा रही है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार पटना सिटी ईस्ट के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों भाइयों की मौत हो चुकी थी। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिसके बाद ही पता चलेगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर था।

दो बार केस जीतने पर भी जारी रहा विवाद- मृतकों का भाई

मृतकों के भाई रजनीश कुमार ने दावा किया है कि उनका परिवार जमीन का केस दो बार जीत चुका था, इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उनके भाइयों को गोली मारी गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। जिसके लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही चश्मदीदों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article