Times Now Exclusive: पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से जारी अंदरूनी खींचतान और गतिरोध के बीच पार्टी आलाकमान ने संगठन की कमान पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और विधायक परगट सिंह के हाथों में सौंप दी है। अध्यक्ष बनने के बाद टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत करते हुए परगट सिंह ने पार्टी के भीतर किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार किया और राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) व केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार चुने हुए विधायक या मंत्री नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे लोग चला रहे हैं और पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
बोले आराम से बनेगी कांग्रेस सरकार (फाइल फोटो)
"डिफरेंस ऑफ ओपिनियन होना डिक्टेटरशिप से बेहतर"
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के खेमों के बीच मतभेद के सवालों पर विराम लगाते हुए परगट सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का अंतर होना स्वाभाविक है। पार्टी में कोई मतभेद या गुटबाजी नहीं है। मैं तानाशाही को अच्छी राजनीति नहीं मानता। जब विचारों का आदान-प्रदान और चर्चा होगी, तभी समाधान निकलेगा। मेरी चन्नी, राजा वडिंग समेत लगभग सभी नेताओं से बात और मुलाकात हो चुकी है। हम एक टीम की तरह खेलेंगे और बेहतरीन परिणाम देंगे।
"AAP वाले धाड़वी और BJP वाले नफरत फैलाने वाले"
पंजाब के राजनीतिक परिदृश्य और विपक्षी दलों की चुनौतियों पर बात करते हुए परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों को आड़े हाथों लिया उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का दिल्ली मॉडल पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। खुद को 'कट्टर ईमानदार' बताने वाले असल में 'कट्टर बेईमान' निकले। भगवंत मान सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, पुलिसिंग में कोई प्रोफेशनलिज्म नहीं बचा है और आए दिन हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी देश में नफरत की राजनीति करती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में BSF का दायरा 50 किलोमीटर तक अधिसूचित किया, लेकिन इसके बावजूद ड्रोन और नशे की खेप लगातार आ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले 30 सालों से गुजरात में बीजेपी की सरकार है, लेकिन वहां के कांडला बंदरगाह से भारी मात्रा में नशा पकड़ा जाता है।
आरामदायक बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार
पंजाबियों के चरित्र का जिक्र करते हुए परगट सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग न तो नफरत की राजनीति पसंद करते हैं और ना ही धाड़वियों (लुटेरों) की। जनता ने झूठ का कटोरा भरते देख लिया है और अब कांग्रेस के सामने कोई वास्तविक मुकाबला नहीं है। भविष्य की रणनीतियों और राहुल गांधी की प्रस्तावित यात्राओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेताओं और सचिन पायलट के साथ बैठकों का दौर जारी है। रणनीति तय होते ही इसे साझा किया जाएगा। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में पंजाब में कांग्रेस आराम से बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
