KANPUR NEWS: कानपुर के विकास को नई रफ्तार देने वाली दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। पांडुनगर स्थित वर्षों से बंद पड़े ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल परिसर में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, शहर के बीचों-बीच स्थित जिला कारागार को सरसौल स्थानांतरित करने की योजना को भी स्वीकृति मिल गई है।
पांडुनगर ईएसआईसी अस्पताल को मिलेगी नई पहचान
लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे पांडुनगर ईएसआईसी अस्पताल को अब नई पहचान मिलने जा रही है। मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल कानपुर बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। माना जा रहा है कि यह संस्थान भविष्य में क्षेत्र का प्रमुख मेडिकल और हेल्थकेयर सेंटर बन सकता है।
जिला कारागार को किया जाएगा शिफ्ट
वहीं, लगभग 384 करोड़ रुपये की लागत से जिला कारागार को सरसौल शिफ्ट करने की योजना शहर के मास्टर प्लान के लिहाज से अहम मानी जा रही है। वर्तमान जेल परिसर शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। इसके स्थानांतरण से यातायात दबाव कम होगा और शहर के बीच स्थित इस महत्वपूर्ण भूमि का उपयोग अन्य जनहित और विकास परियोजनाओं के लिए किया जा सकेगा।
विकास परियोजनाओं पर फोकस
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि दोनों परियोजनाएं कानपुर के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। उनके अनुसार मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य क्षेत्र को नई मजबूती देगा, जबकि जेल स्थानांतरण से शहर के सुनियोजित विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। हाल ही में सांसद रमेश अवस्थी ने अपने संसदीय कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर विकास कार्यों और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया था। उनके मुताबिक, कानपुर को आधुनिक और विकसित महानगर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने दावा किया कि बीते दो वर्षों में स्वास्थ्य, परिवहन, खेल, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाओं को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के नवीनीकरण, गंगा रिवर फ्रंट परियोजना, एलिवेटेड रोड और ट्रैक, मेट्रो विस्तार, सीओडी पुल, जूही यार्ड में रेलवे स्टेशन तथा शुक्लागंज गंगा पुल के फोरलेन विस्तार जैसे प्रस्तावों और परियोजनाओं पर लगातार प्रयास किए गए हैं। इसके अलावा कानपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने और हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर भी पहल की गई है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नए रेल गंगा पुल, मल्टीलेवल पार्किंग, कन्वेंशन सेंटर, बोटैनिकल गार्डन और पराग डेयरी को दोबारा संचालित करने जैसी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
