Haryana News: हरियाणा के पंचकूला में बुधवार देर रात फायरिंग की बड़ी वारदात सामने आई है। नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर देर रात जानलेवा हमला हुआ। गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे वह घायल हो गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
गोल्डी बराड़ गैंग के शूटरों ने किया जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंच गए और उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने करीब 8 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली रतन को लग गई। वारदात के दौरान जल्दबाजी में पिस्टल लोड करते समय बदमाशों ने दो कारतूस भी मौके पर गिरा दिए। जिसके बाद दोनों आरोपी यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई और मौजूद डिटेक्टिव स्टाफ के एक जवान ने बदमाशों का पीछा किया। साथ ही कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई। डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी। लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। आरोपियों ने बेला बिस्टा चौक और नाडा साहिब इलाके में पुलिस वाहन को निशाना बनाया। जिसके बाद पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में शूटरों के पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। दोनों बदमाश पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूरी घटना के दौरान लगभग 18 राउंड फायरिंग की। बदमाशों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद की गई हैं। घायल आरोपियों को पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, बाद में चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
