Panchkula Fake Call Center: हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी करते हुए 21 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह कॉल सेंटर सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक कार्यालय से संचालित हो रहा था। जिससे विदेशी लोगों खासतौर पर अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी।
करोड़ों की ठगी के शक में कॉल सेंटर पर छापा
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 स्थित अल्फा इवेंट कंपनी के कार्यालय से विदेशी नागरिकों के साथ ऑनलाइन ठगी की जा रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना टीम ने सोमवार देर रात छापा मारा। जांच के दौरान पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों नवदीप, अक्षय टिक्कू, रजा और अंकुर कपूर को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है। मौके से 19 कंप्यूटर, 3 लैपटॉप, 16 हेडसेट, 3 वॉकी-टॉकी, 2 वाई-फाई राउटर, एक नोट गिनने की मशीन, 3 पीओएस मशीनें, सोने के आभूषण और 11.30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अमेजन अधिकारी बनकर लगाते थे चूना
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को अमेजन कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान वे लोगों को अलग-अलग बहाने बनाकर झांसे में लेते थे और उनसे क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग और अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद उनके बैंक अकाउंट से अवैध तरीके से पैसे निकाल लिए जाते थे।
अमेरिकी समय के हिसाब से चलता था ठगी का कारोबार
पुलिस का कहना है कि कॉल सेंटर अमेरिकी समय के अनुसार चलाया जा रहा था। ऑफिस शाम करीब 7 बजे खुलता था और रात 3 बजे तक काम जारी रहता था। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
