Ayodhya Ram Navami: अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर अलग ही दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां भारी संख्या में राम भक्तों की भीड़ जुटी हुई है। रामलला के जन्मोत्सव को मनाने के लिए लोग अयोध्या पहुंचे हुए हैं। सुबह से शाम तक भक्त सरयू नदी में स्नान करने के बाद रामलला के दर्शन करते दिखाई दिए। शाम के समय सरयू नदी के चौधरी चरण सिंह घाट पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। इस दौरान 15 स्कूलों के बच्चों ने दीपोत्सव में भाग लिया और घाट पर 2 लाख 51 हजार दिये जलाए गए। दीयों की रोशनी में सरयू घाट जगमगाता दिखाई दिया। बता दें इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा किया गया था।
सरयू घाट पर पैर रखने की जगह नहीं
राम नवमी के अवसर पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हुए हैं। सरयू घाट पर शाम की आरती के दौरान पैर रखने की जगह भी नहीं बची है। लोगों ने जहां-तहां बैठकर गंगा आरती का लुत्फ उठाया और मां गंगा से की पूजा की। उसके बाद सरयू घाट पर 2 लाख 51 हजार दिए जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को देखते हुए ड्रोन से सरयू घाट पर नजर रखी जा रही है। भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है।
