शहर

ओडिशा में गर्मी का कहर, भुवनेश्वर समेत 8 शहरों में पारा 41 डिग्री के पार; अगले चार दिनों तक बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

ओडिशा में भीषण गर्मी का असर जारी है, जहां भुवनेश्वर समेत कई शहरों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है। आईएमडी ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गर्म और उमस भरे मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।

Image

ओडिशा में वेदर अलर्ट

Odisha Weather: ओडिशा के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी पड़ी, जहां भुवनेश्वर सहित आठ स्थानों पर दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। पश्चिमी ओडिशा का बौध शहर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संबलपुर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भुवनेश्वर और अंगुल में यह 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

6 जून को इन-इन जिलों में रहेगा अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि छह जून को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, बारगढ़, संबलपुर, अंगुल, ढेंकनाल, सोनपुर, बौध, बोलांगीर, कालाहांडी, गजपति, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में गर्म एवं आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। वहीं बालासोर, क्योंझर, मयूरभंज, नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मल्कानगिरि और गजपति जिलों में बिजली चमकने के साथ बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, बौध, कालाहांडी, कंधमाल, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट (सावधान रहें) जारी किया है। उसने कहा कि राज्य में अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

दक्षिण-पश्चिम मानसून पर क्या है अपडेट?

वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 5 जून 2026 को अपनी प्रगति जारी रखते हुए पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गोवा के कुछ क्षेत्रों, कर्नाटक, तमिलनाडु तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अतिरिक्त इलाकों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में अरब सागर से होते हुए पणजी, बेंगलुरु, सलेम, पंबन और बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों तक फैली हुई है। इससे कई राज्यों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। आईएमडी ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के मध्य अरब सागर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, गोवा और तमिलनाडु के बाकी क्षेत्रों, साथ ही बंगाल की खाड़ी के व्यापक इलाकों तथा पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article