Odisha News: भुवनेश्वर में दो चोरों ने एक घर में लूटपाट के बाद घर की महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार देर करीब दो बजे शहर के मैत्री विहार इलाके की है। एक फ्लैट में महिला अपनी दो साल की बेटी के साथ थी और घटना के समय फ्लैट में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।
चाकू दिखाकर लूटे गहने और मोबाइल
पुलिस ने संदेह जताया कि चोर डंडे के सहारे इमारत में घुसे होंगे। शिकायत के अनुसार चोरों ने पहले चाकू दिखा कर महिला के गहने और मोबाइल फोन लूटे। इसके बाद उन्होंने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया और धमकी दी कि अगर वह मदद के लिए चिल्लाई तो वे उसकी बेटी को मार देंगे
10 दिन पहले ही रहने आई थी महिला
पुलिस ने बताया कि महिला एक निजी कंपनी में काम करती है और 10 दिन पहले ही फ्लैट में रहने आई थी। अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरा नहीं था इसलिए अधिकारी आस-पास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रहे हैं।
