Bhubaneswar Murder Case: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्नर में 24 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र की एक्सीडेंट के दौरान मौत हो गई। शुरुआत में मामला 'हिट-एंड-रन' दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब छानबीन की गई तो पता चला कि मामला लव ट्रैंगल से जुड़ी कथित सुनियोजित हत्या का है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मौके पर ही इंजीनियर ने तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बारेन्य राउतराय के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात चंद्रशेखरपुर थाना क्षेत्र स्थित आचार्य हरिहर कॉलेज चौक के पास एक एसयूवी ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दौरान, राउतराय के साथ यात्रा कर रहे उनके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जो अस्पताल में भर्ती हैं।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन बाद की जांच में पता चला कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी और इसके पीछे व्यक्तिगत रंजिश का मामला था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, राउतराय एक युवती के साथ संबंध में थे, जिनका 'एक्स' यानी पूर्व प्रेमी इस मामले में मुख्य आरोपी है, जिसकी पहचान 23 वर्षीय सूरज बिस्वकर्मा के रूप में हुई। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को दोनों के बीच कथित विवाद भी हुआ था। हालांकि, बाद में उन्होंने मामले को सुलझा लिया था।
क्या है पूरा मामला
पुलिस का आरोप है कि समझौते के बावजूद बिस्वकर्मा और उसके सहयोगियों ने राउतराय तथा उनके दोस्तों का पीछा किया। पुलिस ने कहा, ''करीब दो बजे बिस्वकर्मा की एसयूवी ने जानबूझकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। राउतराय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।''
पुलिस ने बताया कि बिस्वकर्मा और कथित रूप से वारदात में इस्तेमाल वाहन के मालिक समेत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीना ने कहा, ''प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि यह घटना लव ट्रैंगल से जुड़ी पुरानी रंजिश के कारण की गई सुनियोजित हत्या थी।''
