शहर

ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात; 46 गांव हुए जलमग्न, IMD ने जारी किया राज्यभर में अलर्ट

ओडिशा के बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में उफनती नदियों के पानी ने बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। जाजपुर की 14 ग्राम पंचायतों के लगभग 46 गांव जलमग्न हो चुके हैं और कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

ओडिशा बाढ़ का संकट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Odisha Flood: ओडिशा के बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में उफनती नदियों का पानी निचले इलाकों में घुसने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जाजपुर की 14 ग्राम पंचायतों के लगभग 46 गांव जलमग्न हो चुके हैं, जबकि भद्रक के भंडारी पोखरी ब्लॉक में भी भारी बाढ़ की खबर है। जाजपुर और भद्रक दोनों जगहों के कई इलाके जलमग्न हैं।

बाढ़ के पानी ने अब अहियास, मल्लिकापुर, कसपा और महंती पटाना पंचायतों के बड़े हिस्से को डुबो दिया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है और घर तथा कृषि भूमि कई फीट पानी में डूबी हुई हैं। यह संकट और गंभीर हो सकता है, क्योंकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव की प्रणाली के कारण अगले तीन दिनों में ओडिशा में भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है।

पूरे राज्य में येलो अलर्ट

राज्य सरकार ने बारिश के प्रभाव से निपटने के लिए जाजपुर जिले में ORDAF के साथ चार अग्निशमन सेवा टीमों को तैनात किया है। जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण केवल वैतरणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जबकि अन्य नदियों का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है, हालांकि उनका जलस्तर बढ़ता जा रहा है। आठ जिलों में 27 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है और आईएमडी ने पूरे राज्य को येलो अलर्ट पर रखा है, जिसमें रायगढ़ा, कालाहांडी, नबरंगपुर और कोरापुट जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article