शहर

Noida Traffic Advisory: सीएम योगी के दौरे पर नोएडा में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, घर से निकलने से पहले चेक कर लें रूट

सीएम योगी के 21 फरवरी को प्रस्तावित दौरे के चलते नोएडा–ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इस दिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक दिल्ली बॉर्डर से भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

Image

नोएडा ट्रैफिक एडवाइजरी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Noida Traffic Advisory: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 फरवरी को गौतम बुद्ध नगर आने वाले हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-28 स्थित इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड (HCL ग्रुप और फॉक्सकॉन का संयुक्त उपक्रम) के कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। इस दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली बॉर्डर से जुड़े रास्तों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में कहां-कहां डायवर्जन लागू

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दिल्ली के DND/चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से आने वाले विशिष्ट और अतिविशिष्ट अतिथि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से होते हुए जीरो प्वाइंट जाएंगे। जहां से वे यमुना एक्सप्रेस-वे पर 26 किलोमीटर स्थित फलैदा कट से उतरेंगे और सेक्टर-28 स्थित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। वीआईपी वाहनों की पार्किंग निर्धारित वीआईपी पार्किंग में मंच के दाहिने ओर होगी।

एचसीएल और शिव नादर स्कूल की बसें भी इसी रास्ते से होकर जाएंगी। लेकिन इनकी पार्किंग की व्यवस्था अलग की गई है। इन बसों को फलैदा कट से बाईं तरफ उतरकर पुराना रबूपुरा रोड होते हुए पानी की टंकी से पहले बने बंद मार्ग पर बनाई गई पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। कार्यक्रम खत्म होने पर इन बसों को रबूपुरा-दनकौर सर्विस रोड, गलगोटिया विश्वविद्यालय और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी मार्ग से होते हुए बाहर निकाला जाएगा।

मीडिया और एचसीएल कंपनी के कर्मियों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। उनके वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे से फलैदा कट पर उतरकर तीर्थली डबल सर्विस रोड, सेंट्रल वेयरहाउस बिल्डिंग के पास टी-प्वाइंट से दाहिने मुड़कर निर्धारित मीडिया/एचसीएल पार्किंग में पहुंचेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद इन्हें इसी रास्ते से वापस जाना होगा। आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग से पार्किंग व्यवस्था की गई है। ककोड, झाझर, जहांगीरपुर, जेवर, दयानतपुर, दनकौर, नगला हांडा, नगला हुकम सिंह और रबूपुरा से आने वाले वाहन तीर्थली चौराहे से यीडा ग्रीन पार्क होकर सामान्य पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।

दिल्ली बॉर्डर पर इन वाहनों के प्रवेश पर रोक

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार 21 फरवरी को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक गौतमबुद्धनगर से दिल्ली बॉर्डर में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहन यू-टर्न लेकर NH-9/24, NH-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होकर जा सकेंगे। डीएनडी बार्डर से आने वाले वाहनों को टोल प्लाजा से यू-टर्न लेना होगा। जिसके बाद वे एनएच-9/24, एनएच-91 और इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे जा सकेंगे। कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहन भी एनचएच-9/24 और इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा आगरा, परी चौक और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग यू-टर्न और वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

एंबलुेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को छूट

एडीसीपी ट्रैफिक संतोष कुमार के अनुसार डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को बिना किसी बाधा के सुरक्षित निकाला जाएगा। किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर लोग संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

पार्किंग व्यवस्था

  • सामान्य बसों की पार्किंग सेंट्रल वेयरहाउस और पानी की टंकी के बीच स्थित खाली प्लाट में होगी।
  • एचसीएल, मीडिया, पुलिस और अन्य विभाग की पार्किंग व्यवस्था वीआईपी पार्किंग के दाहिने ओर की गई है।
  • एचसीएल और शिव नादर स्कूल की बसों की पार्किंग पानी की टंकी से पूर्व खाली बंद मार्ग पर होगी।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article