शहर

DND से नोएडा सेक्टर 60 तक बनेगा एलिवेटेड रोड, जानें किन इलाकों को मिलेगी जाम से मुक्ति

नोएडा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर तैयारी तेज हो गई है। राजनिगंधा चौक से सेक्टर 57/60 को जोड़ने वाला यह 6-लेन का कॉरिडोर शहर के ट्रैफिक जाम को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। आईआईटी रुड़की द्वारा इसका DPR तैयार किया जा रहा है, जिससे यह योजना अब क्रियान्वयन के और करीब पहुंच गई है।

Image

राजनिगंधा चौक से सेक्टर 57/60 तक बनेगा 700 करोड़ रुपये का 6-लेन एलिवेटेड रोड

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Noida News: नोएडावालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। बता दें कि नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि राजनिगंधा चौक से सेक्टर 57/60 को जोड़ने के लिए छह लेन का एक एलिवेटेड रोड बनाने का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 5.4 किलोमीटर लंबा यह प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। आईआईटी रुड़की द्वारा मंगलवार को इसका फिजिबिलिटी (व्यवहार्यता) रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंपे जाने के बाद यह परियोजना अब क्रियान्वयन की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ गई है।

जाम की समस्या से मिलेगी राहत

नोएडा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट इंजिनियर कपिल देव ने बताया कि इस परियोजना का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए आईआईटी रुड़की को नियुक्त किया गया है। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से 2.5 करोड़ रुपये की फीस भी अदा की गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से हजारों यात्रियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और एक निर्बाध व सुगम यातायात कॉरिडोर उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन अधिक आसान हो जाएगा।

पीक आवर्स में होता है भारी जाम

अधिकारियों के अनुसार, राजनिगंधा चौक एक महत्वपूर्ण यातायात जंक्शन है, जहां चारों दिशाओं से आने वाला ट्रैफिक एक साथ मिल जाता है, जिससे पीक आवर्स में भारी जाम की स्थिति बन जाती है। यहां से डीएनडी फ्लाईवे, सेक्टर 18, सेक्टर 16 और सेक्टर 12 की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं, जिसके कारण यह शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक माना जाता है।

एलिवेटेड रोड विकसित करने का निर्णय

पीक आवर्स में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने इस स्थान पर एक एलिवेटेड रोड विकसित करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य मौजूदा सड़क नेटवर्क पर दबाव कम करना और यातायात की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है। प्राधिकरण ने बताया कि DPR तैयार होने में लगभग दो से तीन महीने का समय लग सकता है, जिसके बाद निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार का चयन किया जाएगा।

किन-किन इलाकों को मिलेगा फायदा?

परियोजना पूरी होने के बाद डीएनडी फ्लाईवे से सेक्टर 57 और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को एक सिग्नल-फ्री मार्ग मिलेगा, जिससे वे आंतरिक सेक्टर सड़कों पर लगने वाले जाम से बच सकेंगे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का मार्ग सेक्टर 3, 10, 12, 22 और 57 के ऊपर से गुजरेगा। ऐसे में इन सेक्टरों से जुड़े आसपास के इलाकों को बेहद फायदा पहुंचेगा। बता दें कि सेक्टर 12/22 में मार्केट के चलते यहां अक्सर जाम लग जाता है, ऐसे में इस एलिवेटड रोड के बनने से लोग आराम से घूम-टहल सकेंगे। साथ ही, इसे आगे बढ़ाकर विश्कर्मा रोड के जरिए सेक्टर 60 तक जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है।

नोएडा में चौथी प्रमुख एलिवेटेड रोड परियोजना

वर्तमान समय में डीएनडी फ्लाईवे से सेक्टर 57 तक का मार्ग दिल्ली, खोड़ा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच यातायात का एक महत्वपूर्ण कनेक्टिंग रूट है। अधिकारियों के अनुसार, राजनिगंधा चौक से सेक्टर 12/22 और सेक्टर 56 के चौराहों के बीच सुबह और शाम के व्यस्त समय में ट्रैफिक अक्सर काफी धीमा हो जाता है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रस्तावित परियोजना नोएडा में बनने वाली चौथी प्रमुख एलिवेटेड रोड परियोजना होगी।

चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जारी

इससे पहले शहर में सेक्टर 18 से सेक्टर 60 को जोड़ने वाली नोएडा एलिवेटेड रोड और सेक्टर 49 से सेक्टर 83 तक जाने वाली भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण हो चुका है, जबकि चिल्ला एलिवेटेड रोड (दिल्ली के मयूर विहार-1 से महामाया फ्लाईओवर तक) का निर्माण कार्य अभी जारी है। यह परियोजना करीब एक दशक पहले प्रस्तावित की गई थी। इसकी आधारशिला अप्रैल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा रखी गई थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी और कई वर्षों तक अटकी रही।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article