नोएडा

नोएडा में यमुना किनारे बने गांवों में मंडराया बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने उठाया ये कदम

दिल्ली और आसपास के राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना नदी उफान पर है। जिससे गौतमबुद्ध नगर जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ऐसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने जेवर और रबूपुरा में पांच जगहों पर बाढ़ चौकियां बनाई हैं। फिलहाल स्थिति काबू में बताई जा रही है।

Image

यमुना नदी के किनारे स्थित गांवों में बाढ़ का खतरा (ANI)

Photo : ANI

Flood Alert in Noida: यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण गौतमबुद्ध नगर जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जेवर और रबूपुरा क्षेत्र में पांच स्थानों पर बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। अधिकारियों ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए भी दिल्ली का पुराना रेलवे पुल यमुना नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु के रूप में कार्य करता है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के अधिकारी आपस में समन्वय बनाए रखते हैं।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, सोमवार दोपहर को यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 205.55 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है, और तब से जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना नदी से सटे गांव जैसे फलैदा खादर, करौली बांगर, मेहंदीपुर, सिरौली बांगर, पलाहका और बेगमाबाद आदि के पास नदी का पानी खेतों की ओर बढ़ने लगा है।

इन पांच जगहों पर बनाई गई बाढ़ चौकियां

जेवर के तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान ने बताया, "सभी बाढ़ चौकियां और नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। जेवर में पांच स्थानों—प्राथमिक विद्यालय नेवला, प्राथमिक विद्यालय झुप्पा, शिव मंदिर भाईपुर ब्रह्मनान, उच्च प्राथमिक विद्यालय फलैदा बांगर और जनता इंटर कॉलेज जेवर में बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं।" उन्होंने कहा, "फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।" बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, वर्तमान में हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे लगभग 38,361 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और वजीराबाद बैराज से हर घंटे 68,230 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article