नोएडा

दिन में डिलीवरी बॉय और रात में लूटपाट, नोएडा पुलिस ने शातिर बदमाश को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

नोएडा के थाना फेस-2 इलाके में आज सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश दिन में डिलीवरी बॉय का काम करता था और रात के अंधेरे में लूटपाट और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। बदमाश के पास से एक पिस्तौल और चोरी के कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Image

सांकेतिक फोटो।

Noida News: नोएडा के थाना फेस-2 में पुलिस और एक बदमाश के बीच 21 दिसंबर की सुबह-सुबह मुठभेड़ हो गई। पकड़े गए बदमाश की पहचान डिलीवरी बॉय के रूप में हुई है। यह बदमाश दिन में डिलीवरी बॉय बन कर सामान की डिलीवरी करता था और रात में लूट और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।

गोली लगने से बदमाश घायल

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिसंबर को थाना फेस-2 नोएडा पुलिस याकूबपुर रेड लाइट पर संदिग्ध व्यक्ति व वाहन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया तो वह नहीं रुका और तेज गति से भागने लगा। पुलिस ने जब बाइक सवार व्यक्ति का पीछा किया तो बाइक सवार सेक्टर-83 मेट्रो स्टेशन की तरफ वाली रोड की तरफ भागने लगा। उसके बाद आगे चलकर गंदे नाले की सर्विस रोड पर दोनों तरफ से अपने आप को घिरता देख वह बाइक छोड़कर भागा और उसने पुलिस टीम पर फायर भी कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायर किया तो पैर में गोली लगने के कारण बदमाश घायल हो गया।

आरोपी के पास से हथियार बरामद

पुलिस के मुताबिक बदमाश की पहचान सुमित गुप्ता (23) जिला बदायूं के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 1 तमंचा .32 बोर, नाल में फंसा 1 खोखा कारतूस .32 बोर, 1 जिंदा कारतूस .32 बोर और 1 काले रंग की बाइक बिना नंबर प्लेट की और चोरी के 3 स्मार्टफोन बरामद हुए हैं। बदमाश के आपराधिक इतिहास व अन्य जानकारी की जा रही है। बदमाश द्वारा एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल से लोगों के मोबाइल फोनों को मौका पाकर चोरी की घटनाओं का अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने बताया दिन में यह ब्लिंकिट ऐप के डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और रात में यह चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।

इनपुटः आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article