Weather Updates, Noida Light Rains/Drizzling: देश की राजधानी दिल्ली और उससे सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में शनिवार (18 मार्च, 2023) सुबह मौसम ने तब करवट ले ली, जब शहर के कुछ हिस्सों में अचानक बूंदा-बांदी हुई। हालांकि, सुबह साढ़े छह बजे के आस-पास पानी की बौछार कुछ ही देर में होकर बंद हो गई, पर इसने उक्त इलाकों में मौसम को सुहाना बना दिया। इस बीच, आसमान में बादल छाए रहे और तेज ठंडी हवा चल रही थी। ऊपर हल्की-फुल्की बूंदा-बांदी से जुड़े जो विजुअल्स (फुटेज) हमने साझा किए हैं, वे नोएडा सेक्टर-18 के नजदीक के हैं।
आईएमडी की मानें तो शहर में आगामी दो-तीन ऐसा ही मौसम रहेगा। यानी इस वीकेंड मौसम बहुत हद तक सुहाना ही रहने वाला है। 19 मार्च को हल्की बारिश के साथ अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वैसे, 21 मार्च से वेदर के साथ होने की बात भी कही गई है और बताया गया कि तापमान इसके बाद फिर बढ़ जाएगा।
वैसे, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश की राजधानी दिल्ली में एक रोज पहले यानी 17 मार्च, 2023 के लिए हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी। माना जा रहा था कि पानी गिरने के बाद शहरवासियों को गर्मी से कुछ निजात मिलेगी। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 66 फीसदी रिकॉर्ड की गई थी।
आईएमडी के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई की जानकारी दी गई थी कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, लेकिन शुक्रवार को इसके 30 डिग्री तक रहने के आसार हैं।
