नोएडा

Noida: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को देते थे अंजाम

Noida: नोएडा पुलिस ने बहलोलपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी को गोली लगी थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया की दोनों आरोपी मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे।

Image

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

Photo : iStock

Noida: नोएडा में अपराध को कम करने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाता रहा है। इस दौरान गुरुवार सुबह थाना सेक्टर 63 पुलिस और बदमाशों के बीच बहलोलपुर अंडरपास के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार बदमाश के पास से चोरी और स्नैचिंग किए गए कुल 8 मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

नोएडा में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को थाना सेक्टर 63 की टीम बहलोलपुर अंडरपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गढ़ी गोल चक्कर की तरफ से बिना नंबर प्लेट वाली यामाहा मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे तेज गति से मोटरसाइकिल दौड़ते हुए ग्रीन बेल्ट की तरफ भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया, तो दोनों बदमाश एफएनजी सर्विस रोड पर भागने लगे। इसी दौरान हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसल गई और दोनों नीचे गिर पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान निलेश चौहान (22 वर्ष) निवासी फर्रुखाबाद, हाल निवासी सेक्टर-66, नोएडा के रूप में की है। वहीं, उसके साथी आदित्य कुमार (20 वर्ष) निवासी अलीगढ़, हाल निवासी बहलोलपुर, सेक्टर 63, नोएडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से लूटे और चोरी किए गए 8 मोबाइल फोन, 1 अवैध तमंचा (एक खोखा और एक जिंदा कारतूस सहित) और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को देते अंजाम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाश शातिर अपराधी हैं। ये मोटरसाइकिल पर सवार होकर एनसीआर क्षेत्र में घूम-घूमकर मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। घायल बदमाश निलेश चौहान ने स्वीकार किया है कि उसने 48-50 से अधिक मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। इस मुठभेड़ में बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली नोएडा पुलिस की टीम के लिए पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) ने 10,000 के इनाम की घोषणा की है। नोएडा पुलिस अब इन बदमाशों के अन्य आपराधिक मामलों और इनके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article