Noida News: नोएडा में कंपनियों और सरकारी संस्थाओं से निकलने वाला कबाड़ अब नोएडा की सुंदरता को बढ़ाएगा। इस योजना को कबाड़ से जुगाड़ का नाम दिया गया है। इसके पहले चरण में एक बाजार, एक सेक्टर और एक ग्रीन बेल्ट में कबाड़ से म्यूरल्स (भित्तिचित्र) बनाने का प्लान है। इनको सेल्फी प्वाइंट का रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही धीरे-धीरे नोएडा में कई स्थानों पर कबाड़ से म्यूरल्स तैयार कर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। योजना का प्रस्तुतीकरण नोएडा की सीईओ रितु माहेश्वरी के समक्ष भी किया गया है।
नोएडा में कबाड़ से जुगाड़ योजना के तहत पूरे शहर में कई जगहों पर बनाए जाएंगे सेल्फी प्वाइंट (फाइल फोटो)
बता दें कि, इस योजना के तहत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-128 और सेक्टर-132 पर ग्रेनो से नोएडा आते समय सर्विस लेन के पास एक सेल्फी प्वाइंट बनाया भी गया है। यह पूरी तरह से कबाड़ से निर्मित है। इसको बनाने के लिए टायर और बाल्टी और अन्य सामान का प्रयोग किया गया। इसी तरह सेक्टर-132 में भी सेल्फी प्वाइंट बनाया जा रहा है।
