नोएडा

गौतमबुद्ध नगर में चला 'सेफ ड्राइविंग-सेफ लाइफ' अभियान, 324 वाहन हुए सीज; 6402 का कटा चालान

गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को 6402 वाहनों का चालान काटा गया और 324 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई हुई। दरअसल मंगलवार को जिले में एक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। जिसका नाम 'सेफ ड्राइविंग - सेफ लाइफ' अभियान था। इसके तहत ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

Image

सांकेतिक फोटो

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान 'सेफ ड्राइविंग - सेफ लाइफ' चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने 6402 चालान काटे और 324 वाहनों को सीज किया गया।

इन इलाकों में चला अभियान

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न प्रमुख स्थानों जैसे मॉडल टाउन गोलचक्कर, सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-18, सेक्टर-37, मिण्डा तिराहा सेक्टर-62 मार्ग, बिसरख गोलचक्कर, कस्बा कासना मार्ग, छिजारसी तिराहा, सूरजपुर तिराहा, कस्बा जेवर मार्ग, किसान चौक, इटेडा गोलचक्कर, कलेशरा हलद्वोनी तिराहा, परी चौक, पी-3 गोलचक्कर, गलगोटिया विश्वविद्यालय के आसपास की सड़कों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट चलने वाले, वाहन की नंबर प्लेट न होने, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों तथा नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

अधिक सवारी बैठाने पर हुई कार्रवाई

इसके अलावा मानक से अधिक सवारी ले जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस ने मैनुअल रूप से कुल 3,448 चालान किए, जबकि आई एसटीएमएस कैमरों के माध्यम से 2,954 वाहनों के ई-चालान जारी किए गए। इस प्रकार कुल मिलाकर 6,402 चालान किए गए। वहीं, 324 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की गई। विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया चलाने पर 2,411 चालान, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 356 चालान तथा मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले 904 ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ चालान जारी किए गए। साथ ही, 307 ऑटो और ई-रिक्शा को सीज किया गया। यातायात पुलिस की इस मुहिम का उद्देश्य सड़क पर अनुशासन सुनिश्चित करना और नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रेरित करना है। पुलिस आयुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article