नोएडा

चंद सेकेंड में थमी सांसे, बुलंदशहर में रालोद नेता की हार्ट अटैक से मौत; सामने आया वीडियो

बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में रालोद नेता अमित चौधरी की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए गए नेता को अचानक चक्कर आया फिर उनकी मौत हो गई।

Image

बुलंदशहर में रालोद नेता की हार्ट अटैक से मौत

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के नेता अमित चौधरी की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अमित चौधरी रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए जाते थे। हर दिन की तरह आज भी वह वॉक के लिए निकले थे। वह घर के अभी एक किलोमीटर दूर ही गए थे कि अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई।

हार्ट अटैक से नेता की मौत

बता दें कि अमित चौधरी बुलंदशहर खुर्जा क्षेत्र के गांव मदनपुर में राष्ट्रीय लोकदल के नेता थे। वह सुबह के दौरान गांव हबीबपुर में अपने मामा के प्लाट के पास वॉक करते हुए पहुंचे। इस दौरान सुबह सैर पर निकलने वाले लोगों से भी मिले। लेकिन फिर प्लॉट के आगे खड़े अमित चौधरी को अचानक चक्कर आने लगे। वह खुद को संभालने के लिए दीवार का सहारा लेने की कोशिश करने लगे। लेकिन हार्ट अटैक आने से वह नीचे गिर गए और कुछ ही सैकेंड में उनकी मौत हो गई है। उन्हें जमीन पर गिरता देख कुछ लोग उनकी तरफ भाग कर आए और डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि किस प्रकार वह प्लॉट के सामने खड़े हुए थे और देखते ही देखते हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। पहले उन्हें चक्कर आने शुरू हुए। उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की लेकिन फिर वह अचानक नीचे गिर गए। मौके पर कई लोग दौड़कर पहुंचने और उन्हें उठाने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। बीते कुछ समय से युवाओं में भी हार्ट अटैक के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कभी स्टेज पर, जिम में तो कभी वॉक करते हुए हार्ट अटैक आने से कई लोगों की पहले भी जान जा चुकी है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article