दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से ही लगातार बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में भारी बारिश के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर पानी भर गया है, जबकि कई तरह की अन्य परेशानियों से भी लोग दो-चार हो रहे हैं। बात दिल्ली से सटे नोएडा की है। यहां भारी बारिश के कारण सेक्टर 18 में सड़क के डिवाइडर पर लगाई गई रेलिंग गिर गई। इससे यहां से गुजरने वाले वाहनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलिंग्स गिरने की खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आधी सड़क पर बेरिकेड लगा दिया, ताकि किसी तरह की कोई दुर्घटना न हो। इसके बाद क्रेन की मदद से सड़क पर गिरी रेलिंग्स को हटाने का काम किया जा रहा है।
बता दें कि सेक्टर 18 नोएडा के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। यह शहर का व्यावसायिक अड्डा है। यहां तमाम छोटी-बड़ी कंपनियों के दफ्तर के साथ ही मार्केट भी है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के लोग कपड़े व अन्य घरेलू सामान की खरीददारी करने के लिए पहुंचते हैं।
