Noida Police Encounter: नोएडा के थाना फेस 3 क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ लिया है। मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीसरे बदमाश से पूछताछ की जा रही है। ये बदमाश बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई पिस्टल, 29,000 रुपए नकदी और ज्वेलरी बरामद की है। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।
पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़
चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
जानकारी के मुताबिक, थाना फेस 3 पुलिस की टीम गड़ी गोल चक्कर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान तीन युवक एक यामाहा बाइक पर सवार होकर आते दिखे। जब पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाश पर्थला पुल की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भीफायरिंग की। जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। वहीं, एक बदमाश को पुलिस ने भागते हुए गिरफ्तार कर लिया।
2 मार्च को एक घर में की चोरी
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ की जा रही है। जिसमें पता चला कि गिरफ्तार बदमाश शातिर चोर है जो बंद घरों को अपना निशाना बनाते हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन बदमाशों ने 2 मार्च को थाना क्षेत्र के एक घर में चोरी की थी। जहां से एक लाइसेंसी पिस्टल, ज्वेलरी और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं में भी सुराग मिलेगा।
