Noida News: नोएडा के थाना फेस -1 में पुलिस की एक जीप को पिकअप वैन ने टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरीश चंदर ने सोमवार को बताया कि थाना फेस- 1 में तैनात उपनिरीक्षक रामकिशोर (उम्र 54 वर्ष) बीती रात को सरकारी गाड़ी थार पर सवार होकर सेक्टर -2 में गश्त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान सेक्टर दो चौराहे पर एक पिकअप वैन के चालक ने तेज गति से और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पुलिस की जीप को टक्कर मार दी। चंदर ने बताया कि इस घटना में उप निरीक्षक रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामकिशोर शर्मा मेरठ के रहने वाले थे। पुलिस ने पिकअप वैन के चालक को पकड़ लिया है। मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि इस घटना में एक एचसीपी भी घायाल हो गए है।
