Noida: नोएडा में आने-जाने के दौरान लोग कई रास्तों पर अचानक लेन बदलने लगते हैं। लेकिन अब लेन बदलने को लेकर वाहन चालक को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। क्योंकि ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर सख्त नियम लागू किए जा रहे हैं। इन नियमों के तहत, वाहन चालकों को लेन बदलने के लिए अब परिवर्तन क्षेत्रों से कम से कम 100 मीटर पर पहले बदलना होगा। ताकी अंत में लेन बदलने के लिए मोड़ या कट मारने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इन नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को दंड का सामना करना पड़ेगा।
इन प्रमुख मार्गों पर लागू होंगे नियम
चरखा का कालिंदी कुंज मोड़ से वाहनों को 100 मीटर पहले लेन बदलनी होगी।
जीआईपी के महामाया तक- ड्राइवरों को बायीं लेन में ही चलना होगा।
डीएनडी और चिल्ला - इन स्थानों की ओर जाने वाले वाहनों को दाईं लेन में रहना चाहिए।
इन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस द्वारा निगरानी की जाएगी। इन नियमों को लागू करवाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तीन सदस्यीय टीम को तैनात किया गया है। मुख्य तौर पर यह नियम प्रमुख मोड़ों के लिए है और यहां साइन बोर्ड लगाए गए हैं। यात्रियों को सतर्क रहते हुए साइन बोर्ड का पालन करना है और दंड से बचने के लिए और लेन बदलने के लिए बनाए गए नियमों का पालन करना है। इस योजना के सफल साबित होने के बाद इन उपायों को पूरे जिले में लागू किया जाएगा।
जाम को खत्म करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया जा रहा ध्यान
नोएडा प्राधिकरण द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि हाई ट्रैफिक जोन वाले क्षेत्रों में सुधार किया जा सके और जाम के झाम को कम किया जा सके। इसके साथ ही रजनीगंधा से आने वाले वाहनों को बीएचईएल के पास जाम का सामना करना ही पड़ता है। जाम की इस समस्या से निपटने के लिए यहां एक स्लिप रोड का निर्माण किए जाने की तैयारी की जा रही है। इससे लोगों के पास यात्रा करने के लिए एक और मार्ग होगा, जिससे वाहनों का दबाव कम हो जाएगा।
