नोएडा

Noida Pollution: नोएडा में प्रदूषण पर वार! एक्शन मोड में प्रशासन, 10 हॉटस्पॉट पर निगरानी शुरू

नोएडा और आसपास के इलाकों में दिवाली से पहले ही हवा जहरीली हो गई है। बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के लिए तीन स्पेशल टीमों का गठन किया गया है। साथ ही 10 हॉटस्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Noida Pollution: नोएडा में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। क्षेत्रीय अधिकारी रितेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में विभाग की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखेंगी। विभाग ने नोएडा में 10 हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं, जहां प्रदूषण का स्तर लगातार अधिक पाया जा रहा है। प्रत्येक टीम में पांच-पांच अधिकारियों को तैनात किया गया है जो मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। इन टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्माणाधीन स्थलों, सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाएं। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के कारण बढ़ा ट्रैफिक का दबाव

क्षेत्रीय अधिकारी रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि नोएडा में ग्रैप-1 (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) लागू हो चुका है और जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग ने फील्ड स्तर पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और यदि किसी क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी कोई गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित प्राधिकरण से तत्काल कार्रवाई के लिए अनुरोध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के चलते शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है, जिससे कुछ असुविधा जरूर हो रही है, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण विभाग को उम्मीद है कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ जाएगी और वायु गुणवत्ता में सुधार दिखाई देगा।

एनसीआर में बिगड़ी हवा

उल्लेखनीय है कि एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर चिंता का कारण बना हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है। इसमें भी गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है, उसके बाद नोएडा और दिल्ली का स्थान है। विशेषज्ञों ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे सुबह और शाम के समय बाहरी गतिविधियों से बचें, खासकर सांस के मरीज और बुजुर्ग। साथ ही, मास्क पहनने और घर के अंदर एयर प्यूरीफायर के इस्तेमाल की भी सलाह दी जा रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें