नोएडा

'मर' चुकी बेटी 5 साल बाद मां सहित मिली, पिता के जज्बे ने कर दिया 'जिंदा', हैरान कर देने वाला मामला

नोएडा में 5 साल पहले गुमशुदा हुई मां-बेटी को जोधपुर से सकुशल बरामद किया गया है। इस मामले में बेटी को मृतक घोषित करके केस बंद कर दिया गया था। लेकिन बेटी के पिता ने हार नहीं मानी, जिसकी वजह से आज उसकी बेटी उसे सही सलामत मिल गई। पुलिस ने मां-बेटी को कोर्ट में पेश किया है। वहीं इस मामले में लापरवाही के चलते पूर्व जांच अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। आइए जानते हैं कि मां-बेटी के बारे में कैसे पता चला?

Image

बच्ची के पिता अवदेश शर्मा

Noida News: नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पांच साल पहले लापता हुई मां-बेटी को राजस्थान के जोधपुर से सकुल बरामद किया गया है। हैरानी की बात ये है कि बेटी को मृत मानकर गुमशुदगी के केस को बंद कर दिया गया था। लेकिन अब उसी बेटी को पांच साल बाद जीवित बरामद किया गया है। सेक्टर 49 थाना पुलिस ने मां-बेटी को कोर्ट में पेश किया है। हालांकि जिंदा बच्ची को मृत घोषित कर केस बंद करने में तत्कालीन पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है। जिसके बाद पूर्व जांच अधिकारियों पर विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा में साल 2020 में थाना सेक्टर-49 में अवदेश शर्मा ने अपनी पत्नी मंजू और बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दो सालों तक जांच की। लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट लगा दी। इस दौरान दिल्ली के शाहदरा में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। इस शव को बच्ची का बताया गया। लेकिन अवदेश ने इसे पहचानने से इनकार किया। हालांकि ससुराल पक्ष के बयान पर शव को उनकी बेटी का घोषित कर दिया गया। अवधेश के अनुसार यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया और दो साल बाद केस भी बंद कर दिया गया।

ऐसा पता चली मां-बेटी की लोकेशन

केस बंद होने के बाद भी अवदेश शर्मा ने उम्मीद का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने अपने मोबाइल में एम-आधार ऐप डाउनलोड किया हुआ था। जिससे वे अपनी बेटी का आधार लगातार ट्रैक करते रहे। हाल ही में उनकी पत्नी ने आधार में पता बदलवाने की कोशिश की। जिसका OTP अवदेश के मोबाइल में आया। जिससे उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आधार अपडेट से जुड़े नंबरों की तकनीकी जांच की। जिसके बाद केवल 10 दिन में पुलिस ने मां-बेटी की लोकेशन को जोधपुर में ट्रेस किया। जहां से उन्हें सकुशल बरामद कर कोर्ट में पेश कर दिया गया। वहीं नोएडा पुलिस कमिश्नर ने इस लापरवाही को लेकर तत्कालीन थाना प्रभारी, IO और एसीपी समेत सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

नोएडा पुलिस और पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

अवदेश का आरोप है कि उसकी पत्नी साथ में रहना नहीं चाहती है। अवदेश के मुताबिक उसकी पत्नी ऐप के जरिए कई लड़कों से जुड़ी हुई। जिसके चलते वह बच्ची को अपने साथ लेकर चली गई थी। अब 5 साल बाद अवदेश को अपनी बेटी सही सलामत मिल गई। जिसके लिए अवदेश ने नोएडा पुलिस और प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उसने कहा कि अगर एम-आधार नहीं होता तो आज मेरी बेटी मुझे नहीं मिलती। अवदेश ने तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article