नोएडा

हाईटेक होगी नोएडा पुलिस, 32 नए पीआरवी हुए शामिल, दंगाइयों का बच पाना होगा मुश्किल

Noida News: नोएडा कानूनी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 16 चार पहिया और 16 दो पहिया पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाई। यह पीआरवी वाहन कैमरा व अन्य आधुनिक तकनीकों से लैस है।

Image

नोएडा पुलिस में शामिल हुए 32 नए पीआरवी वाहन

Photo : iStock

Noida News: नोएडा पुलिस को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर 32 नए पुलिस रिस्पांस व्हीकलों यानी पीआरवी वाहनों मिले हैं। ये कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायक साबित होंगे। बता दें कि पीआरवी वाहन आधुनिक तकनीकों और कैमरा फीचर से लैस है। पीआरवी वाहनों को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सूरजपुर पुलिस लाइन में गुरुवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आइए अब आपको इसके पीआरवी वाहन के बारे में विस्तार से बताएं -

नए पीआरवी वाहन अब और आधुनिक

जानकारी के अनुसार, नोएडा पुलिस में शामिल हुए नए वाहन में पैन-टिल्ट-जूम यानी पीटीजेड कैमरा लगा हुआ है। ये घटनास्थल और उसके आसपास की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है। बताया जा रहा है कि ये कैमरा उन परिस्थितियों में सबसे अधिक मददगार साबित होगा, जहां दंगा आदि जैसी घटनाएं होती हैं। इन कौमरों में कैद फोटो और वीडियो के माध्यम से दंगाइयों की पहचान करना आसान होगा और उन पर सख्त कार्रवाई की जा सकेगी। नए पीआरवी से जनता को मिलने वाली सेवाओं में भी सुधार हो जाएगा। वह खुद को सुरक्षित महसूस कर पाएंगे। नए पीआरवी में न केवल कैमरा, बल्कि सैमसंग कंपनी आईपैड, 5G स्मार्ट मोबाइल और वायरलेस सेट आदि भी उपलब्ध है। इसके अलावा इन वाहनों में हूटर, लाउड हेलर, फ्लैसर लाइट भी है।

लखनऊ कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

पीआरवी वाहन से कानून व्यवस्था बनाना आसान होगा, लेकिन इस वाहन की सबसे खास बात यह है कि इसकी सीधी निगरानी राजधानी लखनऊ के कंट्रोल रूम से भी की जा सकती है। इसका अर्थ ये है कि नोएडा में होने वाली घटनाओं को लखनऊ कंट्रोल रूम में भी मॉनिटर किया जा सकता है। इससे नोएडा में होने वाली घटनाओं पर बेहतर नजर बनाए रखी जा सकेगी और हर मिनट की जानकारी पुलिस मुख्यालय के पास होगी।

नोएडा में बढ़ी पीआरवी की संख्या

बता दें कि नोएडा में पहले से 124 पीआरवी वाहन हैं। अब इसमें 16 चार पहिया और 16 दोपहिया वाहनों को शामिल किया गया है। इससे इनकी संख्या बढ़कर 156 हो गई है। माना जा रहा है कि संख्या बढ़ने के साथ पुलिस का रिस्पांस टाइम भी अब बेहतर होगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article