नोएडा के अपराध बढ़ता जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए नोएडा में जगह-जगह चेकिंग की जाती रहती है। ऐसे ही थाना सेक्टर 39 पुलिस द्वारा दादरी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और टायर चोर गिरोह के बदमाशों बीच बीती देर रात मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया।
टायर चोर गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 20-21 मार्च की रात को थाना सेक्टर 39 पुलिस शशि चौक कट, दादरी रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बॉटेनिकल अंडरपास की तरफ से सफेद रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय यूटर्न लेकर भागने की कोशिश की। जब पुलिस ने पीछा किया, तो बदमाशों ने सेक्टर 42 के जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद इस्तियाक उर्फ साहिल, निवासी शालीमार गार्डन, गाजियाबाद के रूप में हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
जिंदा कारतूस और कार बरामद
पुलिस को मौके से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सफेद रंग की क्रेटा कार और चोरी किए गए चार टायर बरामद किए। इसके अलावा, कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मोहम्मद वाकिर उर्फ समीर (निवासी शालीमार गार्डन, गाजियाबाद) और अब्दुल गनी उर्फ राजू (निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अब्दुल गनी और वाकिर के खिलाफ मुंबई समेत अन्य राज्यों में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मोहम्मद इस्तियाक उर्फ साहिल पर थाना मोदीनगर और कौशांबी में टायर चोरी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वह आर्म्स एक्ट के तहत भी गिरफ्तार हो चुका है। थाना सेक्टर 39 में भी उस पर मामला दर्ज है। वहीं मोहम्मद वाकिर उर्फ समीर और अब्दुल गनी उर्फ राजू पर थाना सेक्टर 39, में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गैंग टायर चोरी की घटनाओं में सक्रिय था और इससे पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने बदमाशों के अन्य साथियों और इनके नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - आईएएनएस)
