Noida Crime: नोएडा पुलिस द्वारा अपराध की रोकथाम के लिए जगह-जगह चेकिंग की जाती है। इसी प्रकार से नोएडा के पॉश इलाके सेक्टर 18 में नोएडा थाना सेक्टर 20 पुलिस चेकिंग के दौरान कुछ बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार करके पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है यह बदमाश कई स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। बदमाशों के पास से पुलिस को चोरी का सामान, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
नोएडा सेक्टर 18 में पुलिस मुठभेड़
नोएडा का सेक्टर 18 शहर के पॉश एरिया में से एक है। यहां गुरुवार (20 फरवरी) देर रात पुलिस चेकिंग चल रही थी। उसी दौरान पुलिस ने दो संग्दिध को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख इन बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए उन पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि इन दोनों बदमाशों ने कुछ ही महीने पहले थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले इस गिरोह के अन्य बदमाशों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द से जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी। घायल बदमाशों के पास से पुलिस ने चोरी के गहने, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है।
