Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 58 थाना क्षेत्र में 11 मार्च की रात पुलिस चेकिंग के दौरान दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि दूसरे बदमाश को भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चोरी के मोबाइल और एक चोरी की बाइक बरामद की।
नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि रात थाना सेक्टर 58 पुलिस टीम विशनपुरा मंडी के पास वाहनों की चेकिंग में जुटी हुई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। उन्होंने खुद को पुलिस से घिरता हुआ देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और दूसरा वहां से भाग गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। घायल बदमाश का नाम शकील और दूसरे का नाम फरीद है। शकील दिल्ली के त्रिलोकपुरी और फरीद अलीगढ़ का निवासी है। हालांकि, फरीद वर्तमान में दिल्ली के त्रिलोकपुरी में ही रह रहा है।
शकील को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूट और चोरी के 5 मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। बरामद मोबाइल फोन में से एक मोटोरोला ब्रांड का है, जिससे संबंधित थाना सेक्टर 58 में केस दर्ज है। वहीं, बरामद बाइक को लेकर दिल्ली पुलिस में एफआईआर दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और चोरी व लूट की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। उनके खिलाफ दिल्ली और नोएडा में पहले से ही मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शन की जांच कर रही है।
(इनपुट - आईएएनएस)
