नोएडा

नोएडा पुलिस ने पकड़े तीन 'बंटी' चोर, चोरी की 15 बाइक और मोबाइल भी बरामद

नोएडा पुलिस ने आज यानी गुरुवार, 20 मार्च को तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी पहले भी चोरी और बाकी अपराधों में शामिल रहे हैं। गाजियाबाद, दिल्ली समेत कई शहरों में इनके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Image

नोएडा में तीन बाइक चोर गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस 2 पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है जो पहले भी कई अपराधों में शामिल रहे हैं। इनके कब्जे से चोरी की 14 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 3 अवैध चाकू, एक चोरी का मोबाइल फोन और 1 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है।

पुलिस ने 20 मार्च को चेकिंग के दौरान सेक्टर-82 कट से भंगेल की ओर जाने वाले अस्थायी कच्चे मार्ग पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतवीर उर्फ सोनू (निवासी झज्जर, हरियाणा), पुष्पेंद्र उर्फ मिन्टू (निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) और कमल उर्फ कोमल (निवासी गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि ये तीनों अभियुक्त बेहद शातिर वाहन चोर हैं। ये लोग विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर ऐसी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे, जो लोगों ने घरों या सार्वजनिक स्थानों के बाहर खड़ी कर रखी होती थीं। चोरी के बाद, पकड़े जाने से बचने के लिए ये लोग उन वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे और अलग-अलग ठिकानों पर रहते थे। इनके पास से चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें ये लोग सार्वजनिक स्थानों पर चोरी कर लेते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त पकड़े जाने के डर से बार-बार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और केवल व्हाट्सएप कॉल के जरिए ही आपस में बातचीत करते थे, ताकि पुलिस उन पर नजर न रख सके। तीनों अभियुक्त पहले भी चोरी और अन्य अपराधों में लिप्त रहे हैं। सतवीर, पुष्पेंद्र और कमल के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, दिल्ली और बुलंदशहर में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि ये तीनों आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो एनसीआर क्षेत्र में लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

- आईएएनएस

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article