Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए कई स्थानों पर समय-समय पर चेकिंग की जा रही है। यहां चेकिंग के दौरान बीती देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की गोली लगने के बाद एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध हथियार के साथ 7500 रुपये बरामद किए गए हैं। अपराधी पर दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग थानों में करीब 9 मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ में गिरफ्तार शातिर बदमाश
नोएडा सेक्टर 24 पुलिस द्वारा सेक्टर 54 में 5 और 6 मार्च की रात बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर रुकने की बजाय भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और मोटरसाइकिल को पलटकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वह डिवाइडर से टकराकर गिर पड़ा।
पुलिस से खुद को घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान मक्कू उर्फ मारुख उर्फ आहिल उर्फ निखिल उर्फ विवेक उर्फ गौरव उर्फ टुकटुक उर्फ नानू, निवासी ग्राम अब्दुल्लापुर थाना सिविल लाइन जिला मेरठ, जो हाल में बी-733, द्वितीय तल, डेयरी फार्म मयूर विहार फेस-3, थाना गाजीपुर, दिल्ली का निवासी के रूप में की गई है।
अवैध हथियार के साथ मिले 7500 रुपये
गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट), एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और चोरी से संबंधित 7500 रुपए बरामद हुए। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस बदमाश पर दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग थानों में 9 मामले दर्ज हैं।
(इनपुट - आईएएनएस)
