नोएडा: गौतम बुद्ध नगर जिले में विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ताओं की समस्या को दूर करने के लिए अब विद्युत निगम की सबसे छोटी इकाई के स्तर पर भी उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (सीजीआरएफ) का गठन किया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बिजली से जुड़ी समस्याओं का जल्द होगा समाधान
मुख्य अभियंता, विद्युत राजीव मोहन ने बताया कि अब तक केवल बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के स्तर पर एक सीजीआरएफ होता था, जिसमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी शामिल होते थे, लेकिन अब विद्युत निगम की सबसे छोटी इकाई के स्तर पर भी शिकायतों का निस्तारण हो सकेगा। मोहन ने बताया, डिस्कॉम स्तर पर सीजीआरएफ के अलावा मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं उप विभागीय अधिकारी (एसडीओ) के स्तर पर सीजीआरएफ बनाया जाएगा।
