नोएडा

Noida News: दीवाली से पहले मिलावटखोरों पर कड़ा वार, प्रशासन ने चलाया छापेमारी अभियान; 15 कुंटल से अधिक मिटाई नष्ट

नोएडा में दीवाली से पहले जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जगह-जगह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शनिवार को कई इलाकों में छापेमारी में 285 किलो सरसों का तेल सीज किया गया। साथ ही 145 किलो अस्वच्छ रसगुल्ले नष्ट किए गए।

Image

नोएडा में मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ा एक्शन

Noida News: दीवाली से पहले नोएडा प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर सख्ती शुरू कर दी है। डीएम मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जिलेभर में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई जगहों पर मिठाई और तेल के सैंपल लेकर जांच की गई। जिसमें गंदगी, मिलावट और फर्जी बिलिंग के मामले सामने आए हैं। टीमों ने 285 किलो सरसों का तेल सीज किया और 145 किलो रसगुल्ले नष्ट करवाया। इसके अलावा 7 नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।

गंदे वातावरण में बन रहा था रसगुल्ला

खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में रसगुल्ला बनाने वाली एक जगह पर छापा मारा गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह, विशाल गुप्ता और अमर बहादुर सरोज की टीम छापेमारी के लिए पहुंची। जांच में पता चला कि रसगुल्ले को अस्वच्छ वातावरण में बनाया और रखा जा रहा था। टीम को रसगुल्ले के आसपास मक्खी-मच्छर और सफेद रंग का पाउडर भी मिला।जिसे वहां मौजूद काम करने वाले लोगों ने अरारोट पाउडर बताया। खाद्य विभाग की टीम ने रसगुल्ला, छेना और सफेद पाउडर के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं, जबकि लगभग 145 किलो रसगुल्ले को खाद्य विभाग नष्ट करवाया और 80 किलो सफेद पाउडर सीज कर दिया गया है।

सरसों के तेल को जांच के लिए भेजा

खाद्य विभाग की टीम ने बरौला सेक्टर-49 स्थित मां काली जनरल स्टोर से सरसों के तेल के नमूने को भी जांच के लिए भेजा है। टीम के मुताबिक दुकान में रखे करीब 285 किलो सरसों के तेल का खरीद बिल नहीं दिखाया गया। प्रथम दृष्टया में तेल के मिलावटी प्रतीत होने पर इसे सीज किया गया है। इसके अलावा बरौला स्थित अग्रवाल इंटरप्राइजेज से सरसों के तेल और मोरना स्थित बालाजी स्वीट्स से बेसन के लड्डू के नमूने जांच के लिए लिए गए।खाद्य विभाग की टीम ने गेझा सेक्टर-93 स्थित मोहित किराना स्टोर से मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल का नमूना भी लिया। कुल मिलाकर 7 नमूने को टीम ने जांच के लिए लैब भेजा है।

नोएडा में अब तक 1500 किलो दूषित मिठाई नष्ट

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। अब तक विभाग ने 1500 किलो से अधिक दूषित मिठाइयों को नष्ट किया है। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जिससे दीवाली के दौरान बाजारों में मिलावटी मिठाइयों और तेलों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें