ये कहानी दिल्ली से सटे नोएडा के एक रियल एस्टेट कारोबारी की है। इस रियल ऐस्टेट कारोबारी को शक है कि उसकी पत्नी पाकिस्तानी जासूस है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते निम्नतम स्तर पर हैं। भारत में पाकिस्तानी नागरिकों की तलाश की जा रही है और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। जासूसों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। ऐसे में नोएडा के इस कारोबारी का अपनी पत्नी पर लगाया गया यह आरोप काफी गंभीर है।
दैनिक हिंदुस्तान की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में नोएडा के इस कारोबारी ने अपनी पत्नी पर शक जाहिर किया है। व्यक्ति का कहना है कि साल 2019 में एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए मथुरा की युवती के साथ उनकी शादी हुई थी। उनका आरोप है कि पाकिस्तानी युवक से शादी के बावजूद, उसने झूठ बोलकर कारोबारी से विवाह किया। लेकिन शादी के तीन महीने बाद ही वह लापता हो गई। कारोबारी ने इस संबंध में सरकार और पुलिस से जांच की मांग की है।
होली के लिए गई और फिर नहीं लौटी
कारोबारी लोकेश राठी नोएडा के सेक्टर 105 की जज कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी के लापता होने और पाकिस्तानी जासूस होने के संबंध नोएडा और दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है। लोकेश ने बताया कि दिसंबर 2019 में उनकी शादी हुई थी और फिर दोनों साथ रहने लगे। लेकिन कोरोना के समय वह होली के लिए अपने घर मथुरा चली गई और 12 मार्च 2020 को उनकी पत्नी गायब हो गई। उनका कहना है कि जब उन्होंने पत्नी की तलाश शुरू की तो परत-दर-परत उसके राज खुलने लगे।
सच्चाई सामने आने पर उनका परिवार सदमे में है। लोकेश राठी ने बताया उन्होंने पत्नी के इस तरह अचानक गायब होने पर दिल्ली में द्वारका और नोएडा के सेक्टर 39 थाने में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अब उनका कहना है कि उनकी पत्नी के पासपोर्ट की भी जांच की जाए।
पत्नी ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया
दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार कारोबारी की पत्नी ने भी दिल्ली के द्वारका थाने में उनके खिलाफ घरेलू हिंसा और देहज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करवाया है। दहेज प्रताड़ना के मामले में पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। लोकेश ने चार्जशीट को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। लेकिन घरेलू हिंसा के मामले में पत्नी के ही सुनवाई में न आने का आरोप है।
पाकिस्तानी युवक से चीन में शादी
लोकेश राठी का कहना है कि शादी से पहली उनकी पत्नी 2004 में MBBS की पढ़ाई के लिए चीन गई थी। इस दौरान चीन में उसने एक पाकिस्तानी युवक अतीक से शादी की थी। इस शादी के एक साल बाद उनका एक बेटा भी हुआ था, जो अभी पाकिस्तान में रह रहा है। चीन में रहने के दौरान वह कई बार पाकिस्तान गई। साल 2011 में भारत आने के बाद भी वह मई 2012 में पाकिस्तान गई और वहां 3 महीने 17 दिन तक रही। यही नहीं, वापस लौटने के एक हफ्ते बाद वह फिर से पाकिस्तान गई और पांच दिन रही।
लोकेश को जान से मारने की धमकी
लोकेश का कहना है कि उनकी पत्नी का पाकिस्तान आना-जाना लगा रहता है। यही नहीं वह दिल्ली के साथ ही अन्य शहरों के लोगों के संपर्क में भी है। जब उन्होंने पत्नी के पाकिस्तान कनेक्शन के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की तो उन्हें और उनके परिजनों को अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकी भी मिली। इस संबंध में उन्होंने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है।
