नोएडा में बालकनी की दीवारों पर रखे गमले सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं, जिससे बच्चों की जान पर संकट मंडरा रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी ने सख्त कदम उठाते हुए गमले हटाने के निर्देश जारी किए हैं। भविष्य में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में एओए अध्यक्ष, सचिव, बिल्डर या फ्लैट मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
शहर की बहुमंजिला इमारतों में बालकनी की दीवारों पर रखे गमले जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिन्हें लोग अक्सर पर्यावरण प्रेम के नाम पर सजाते हैं पर सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं। नोएडा अथॉरिटी ने हाल ही में एक सोसायटी में गमला गिरने से हुई एक बच्चे की मौत की घटना का संज्ञान लेते हुए कड़े कदम उठाए हैं। अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम. ने बालकनी की दीवारों (पैरापेट वॉल) से गमले तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सीईओ ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में गमला गिरने से कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (एओए) के अध्यक्ष, सचिव, बिल्डर अथवा फ्लैट मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। हाल ही में पुणे की एक सोसायटी में भी गमला गिरने से कंपाउंड में खेल रहे एक बच्चे की मौत हो गई थी, जिसका वीडियो वायरल हुआ था। पिछले वर्ष ग्रेटर नोएडा की पाम वैली सोसायटी में भी 31 वर्षीय चित्रांशु रघुवंशी के सिर पर गमले के नीचे रखी ईंट गिरने से मृत्यु हो गई थी।
