Noida: उत्तर प्रदेश में नोएडा प्राधिकरण ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 करोड़ रुपये की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया है। बता दें कि प्राधिकरण द्वारा अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एक अभियान चलाया गया था, जिसके तहत बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वर्क सर्किल-7 की टीम ने सेक्टर-81 स्थित सैमसंग कंपनी के पीछे, ग्राम सलारपुर में प्राधिकरण की अधिसूचित व अर्जित भूमि पर अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
नोएडा प्राधिकरण ने 30 करोड़ की भूमि को किया अतिक्रमण मुक्त
30 करोड़ की भूमि को किया अतिक्रमण मुक्त
एक अधिकारी ने बताया कि यह भूमि खसरा संख्या 244 व 245 के अंतर्गत आती है। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 30 करोड़ रुपए आंका गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि का भू-उपयोग 'औद्योगिक' श्रेणी में आता है, जिसे नियोजन के तहत औद्योगिक विकास के लिए संरक्षित किया गया है। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, कुछ भूमाफिया तत्व इस भूमि पर गैरकानूनी रूप से प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे।
दोषियों के खिलाफ FIR की प्रक्रिया शुरू
इस गंभीर उल्लंघन को दृष्टिगत रखते हुए प्राधिकरण ने न केवल कॉलोनी को ध्वस्त किया, बल्कि दोषियों के खिलाफ संबंधित थाना क्षेत्र में FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जाएगी। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे इस प्रकार के अवैध लेनदेन से बचें और भू-माफियाओं के बहकावे में आकर कोई भी जमीन न खरीदें।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य केवल प्राधिकरण के नियोजन एवं स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही किया जा सकता है। जनसामान्य को सलाह दी गई है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त से पहले प्राधिकरण से वैधता की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी समस्या से बचा जा सके। प्राधिकरण ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाता रहेगा।
(इनपुट - आईएएनएस)
