नोएडा

NCR में नया शहर बसाने का रास्ता साफ, 226 गांवों की किस्मत का खुलेगा ताला; न्यू नोएडा में इतने लाख लोग करेंगे राज

New Noida City: दादरी नोएडा गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (डीएनजीआईआर) यानी न्यू नोएडा के मास्टर प्लान 2041 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने न्यू नोएडा मास्टर प्लान 2041 के प्लान को मंजूरी दे दी है। न्यू नोएडा 209.11 वर्ग किमी. में यानी 20 हजार 911.29 हेक्टेयर में बसाया जाएगा।

Image

न्यू नोएडा सिटी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल
KEY HIGHLIGHTS
  • न्यू नोएडा के मास्टर प्लान 2041 को मिली मंजूरी
  • 209.11 वर्ग किमी. में बसाया जाएगा न्यू नोएडा
  • गौतमबुद्ध नगर के 131 और बुलंदशहर के 95 गांव होंगे अधिग्रहण


New Noida City: एनसीआर में एक नए शहर को बसाने का रास्ता साफ हो गया है। यूपी सरकार ने न्यू नोएडा मास्टर प्लान 2041 (New Noida Master Plan 2041) के प्लान को मंजूरी दे दी है। न्यू नोएडा 209.11 वर्ग किमी. में यानी 20 हजार 911.29 हेक्टेयर में बसाकर लोगों को सहूलियत दी जाएगी। लखनऊ में हुई हाईलेवल बैठक में योगी कैबिनेट ने फैसले को मंजूरी दी। खास बात ये है कि न्यू नोएडा, ग्रेटर नोएडा फेस-2 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आपस में कनेक्ट किया जाएगा। इन तीनों स्थानों को जोड़ने के लिए करीब 16 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे विकसित किया जाएगा। इतना ही नहीं एक्सप्रेसवे के किनारे 1500 हेक्टेयर जमीन पर लॉजिस्टिक हब भी बनाया जाएगा।

जेवर एयरपोर्ट से कनेक्ट होगा न्यू नोएडा

न्यू नोएडा परियोजना के लिए यमुना विकास प्राधिकरण की तरफ से इसका प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। सभी प्रकार से सहमति बनने के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया। अब न्यू नोएडा के साथ ग्रेटर नोएडा फेस-2 और नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डे को कनेक्ट किया जाएगा। इन तीनों जगहों को जोड़ने के लिए यूपी सरकार ने 16 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे को बनाने की मंजूरी दे दी है।

यहां लगेंगे कारखाने

जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास कृषि जमीन नहीं होगी। एयरपोर्ट के आसपास इंडस्ट्री भी विकसित की जाएगी। इसे भी सरकार की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। यमुना सिटी के सेक्टर-8ए, सेक्टर 8बी, सेक्टर 8सी, सेक्टर 8डी और सेक्टर 8ई में कारखाने लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सेक्टर-7, सेक्टर 8, सेक्टर 31 डी, सेक्टर 23 आई, 23 ई में सभी प्रकार के व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई की जाएगी।

यमुना विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 के तहत गौतमबुद्ध नगर के 131 और बुलंदशहर के 95 गांव अधिग्रहण किए जाएंगे। दोनों जिलों के 226 गांव को मिलाकर मास्टर प्लान 2041 तैयार किया जाएगा। प्राधिकरण 796 वर्ग किलोमीटर जमीन पर नया शहर बसाएगा। इसके पहले मास्टर प्लान में 171 गांव जोड़े जाएंगे, लेकिन अब इनकी संख्या में इजाफा किया गया है।

अपैरल पार्क 40 फैक्ट्रियां

इधर, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Expressway Industrial Development Authority) (यीडा) के सेक्टर-29 में सड़कें, सीवर और बिजली के बकाए काम पूरे कर लिए गए हैं। लिहाजा, यहां बनने वाले अपैरल पार्क (Apparel Park) में जून माह से 40 फैक्ट्रियों के निर्माण का कार्य शुरू गया। फिलहाल, इसके लिए आवंटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके खुलने में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के अलावा अन्य राज्यों के कामगारों को रोजगार उपलब्ध होंगे।

फिलहाल, अपैरल पार्क का साइट दफ्तर तैयार हो चुका है। योजना के मुताबिक, पार्क में रेडीमेड गारमेंट्स (Readymade Garments) से संबंधित फैक्ट्रियां लगाई जाएंगी। प्लान के तहत अगले दो साल में अपैरल को क्रियान्वित किया जाना है। ये जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास देश का सबसे बड़ा और आधुनिक अपैरल पार्क स्थापित किया जाना है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने बड़ा प्लान तैयार किया है। इसके लिए प्राधिकरण ने 92 प्लाटों का आवंटन किया था, जिनमें 65 प्लाटों का पजेशन भी किया जा चुका है। शेष 30 से 40 प्लॉटों का नक्शा पास कराने के लिए प्रक्रिया चल रही है। नक्शा पास होते ही इनका भी आवंटन पूरा कर लिया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article