नोएडा

Noida News: मोटिवेशनल स्पीकर की बढ़ी मुश्किलें, पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज

Noida News: नोएडा सेक्टर 94 में रहने वाले मोटिवेशनल स्पीकर और यूट्यूबर विवेक बिंद्रा एक बार फिर विवादों के घेरे में। इस बार विवेक पर दूसरी पत्नी से मारपीट का आरोप लगा है। मारपीट के मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

विवेक बिंद्रा पर दूसरी पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज

Noida News: फेमस यूट्यूबर और मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा एक बार फिर विवादों से घिरे नजर आ रहे हैं। इस बार वह किसी दूसरे स्पीकर के साथ जुबानी जंग या फिर पहली पत्नी से विवाद पर चर्चा का केंद्र नहीं बने हैं। बल्कि इस बार वे अपनी दूसरी पत्नी से मारपीट के मामले में फंसे नजर आ रहे हैं। बता दें कि दूसरी पत्नी के साथ मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रही है।

जानकारी के अनुसार जाने माने मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा ने बीते 7 दिसंबर को अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मारपीट की इस घटना पर नोएडा पुलिस जांच कर रही है। मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा के बारे में बात करें तो वह नोएडा के सेक्टर 95 की गगनचुंबी इमारत सुपरनोवा में रहते हैं। ये वही बिल्डिंग है जहां बॉलीवूड के कई मशहूर हस्तियों का फ्लैट है। इस फ्लैट में विवेक बिंद्रा अपनी मां और पत्नी के साथ रहते हैं। वह बड़ा बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के CEO और फाउंडर हैं। यहां वे लोगों को मार्केटिंग और बिजनेस के गुण सिखाते हैं और एक लाइफ कोच के रूप में भी जाने जाते हैं।

मारपीट की वीडियो वायरल

विवेक ने 7 दिसंबर को अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मारपीट का वीडियो वायरल होने से विवेक की पत्नी यानिका के भाई वैभव क्वात्रा ने 14 दिसंबर को नोएडा के सेक्टर 126 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले जांच शुरू की है। बता दें कि पुलिस ने अभी तक विवेक को गिरफ्तार नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि वह लगातार विवेक के संपर्क में है और जल्द ही उन्हें पूछताछ का नोटिस भेजा जाएगा। यानिका के भाई और वायरल हुई वीडियो के आधार पर पुलिस ने आईपीसी धारा 323, 504, 427 और 325 के तहत विवेक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है मारपीट का कारण

जानकारी के अनुसार विवेक की शादी गाजियाबाद में रहने वाली यानिका से 6 दिसंबर को हुई थी। शादी के अगले दिन विवेक का अपनी मां से किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। बढ़ते झगड़े को रोकने के लिए यानिका बीच बचाव के लिए आई थी। उसी पर विवेक ने उसकी बुरी तरह से पिटाई की, जिससे यानिका के शरीर पर कई चोट आई। मारपीट की इस घटना में विवेक ने गुस्से में अपनी पत्नी का फोन भी तोड़ दिया था। फिलहाल यानिका का इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है।

विवादों से विवेक का पुराना नाता

दूसरी पत्नी से मारपीट के विवाद से भी पहले विवेक बिंद्रा अधिकतर विवादों के घेरे में ही रह हैं। इससे पहले वह दूसरे मोटिवेशनल स्पीकर संदीप माहेश्वरी के साथ जुबानी जंग में थे। बात यहीं खत्म नहीं होती है। विवेक का उनकी पहली पत्नी के साथ भी विवाद रहा है। कई बार पत्नी के साथ अनबन की खबर भी सामने आई थी। इस बीच दूसरी पत्नी के साथ मारपीट की खबरों ने विवेक की मुश्किलें बढ़ा दी है। अब देखना ये है कि इस बार विवाद में फंसे विवेक अपने बचाव में क्या कहेंगे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article