Noida Factory Fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 63 में स्थित एक कपड़ा फैक्टरी में सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटे देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की करीब 10 गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और कूलिंग का काम शुरू किया गया। गनीमत है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कपड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि आग लगने का ये मामला सेक्टर 63 के एसडीएस गारमेंट कंपनी का है। मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब पांच बजे मिली जिसके बाद दमकल की 10 गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि चार घंटे की कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घटना में कोई जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय कंपनी में कोई मौजूद नहीं था। आग की सूचना पड़ोस की कंपनी में कार्यरत सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को दी। चौबे ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी वजह की जांच की जा रही है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
