Noida News: नोएडा के एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने एक दंपति को अपहरण के मामले में फंसाने के लिए खुद के ही अपहरण का स्वांग रचा। अपहरण की झूठी कहानी बनाने के मामले में नोएडा थाना फेज-3 पुलिस टीम ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। थाना फेस-तीन के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि शख्स की पहचान दशरथ साहू के रूप में हुई है।
नोएडा में एक शख्स ने रचा खुद के अपहरण का स्वांग (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
क्यों शख्स ने बनाई अपने अपहरण की कहानी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति ने कुसुम नामक महिला और उसके पति काशी रैकवार के साथ गत 24 सितंबर को यहां एक सोसाइटी के पास कथित रूप से मारपीट की और उनसे 5 लाख रुपये की मांग की। अधिकारी के आगे बताया कि कुसुम और उसके पति द्वारा पैसे नहीं देने पर आरोपी ने दोनों को झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने इस मामले में 5 अक्टूबर को थाना फेस-3 में मुकदमा दर्ज करवाया था।
खुद के अपहरण का रचा नाटक
थाना प्रभारी ने बताया कि जब महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी अपने घर से गायब हो गया और उसने अपने अपहरण का झूठा नाटक रचा। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला और उसके पति को डरा-धमकाकर पांच लाख रुपए की उगाही करने का प्रयास किया और उसने अपनी पत्नी को यह झूठ बोला कि महिला और उसके पति ने उसका अपहरण कर लिया है।
थाना प्रभारी ने आग बताया कि घटना की जांच कर रही पुलिस ने आज दशरथ साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह महिला और उसके पति को फंसाने के लिए अपहरण का झूठा नाटक कर रहा था। वह उनसे 5 लाख रुपये ऐंठना चाह रहा था। आरोपी की उम्र 34 वर्ष है तथा वह कक्षा आठवीं तक पढ़ा है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
