नोएडा

नोएडा में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 3.26 करोड़ की साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार

शिकायत में बताया गया था कि रेट फाइन इन्वेस्टमेंट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी बनकर कुछ लोगों ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। भरोसा दिलाकर इन लोगों ने पीड़ित से 3,26,00,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

नोएडा : थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 3 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लखनऊ निवासी सन्नी कुमार और दुर्गेश कुमार तथा उन्नाव निवासी विकास कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें लखनऊ और उन्नाव से दबोचा।

न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-27 नोएडा निवासी पीड़ित ने 12 जून 2025 को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रेट फाइन इन्वेस्टमेंट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी बनकर कुछ लोगों ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। भरोसा दिलाकर इन लोगों ने पीड़ित से 3,26,00,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

बैंक खाते फ्रीज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की और संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करा दिया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी सन्नी कुमार ने अपने बैंक खाते में 23 लाख रुपये प्राप्त किए थे, जिन्हें उसने अपने साथी विकास निवासी दिल्ली को सौंप दिया। विकास ने उसमें से एक लाख रुपये वापस सन्नी को दिए, जिसे सन्नी ने अपने अन्य साथियों दुर्गेश और विकास कुमार (उन्नाव) के साथ आपस में बांट लिया।

इन सभी आरोपियों ने ठगी की रकम का दुरुपयोग किया और अनुचित लाभ उठाया। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पहले ही 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की। पुलिस ने जनता को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले कंपनी की विश्वसनीयता अवश्य जांच लें और किसी अज्ञात व्यक्ति को अपना आधार, पैन या बैंक विवरण साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article